भक्ति के पद
प्रस्तुत काव्य पंक्तियाँ (यूपी बोर्ड कक्षा-8) भक्ति के पद से ली गई हैं, जिनकी रचयिता महान कृष्ण भक्त मीराबाई हैं। पहले पद में मीराबाई भगवान से अपने दुख दूर करने की प्रार्थना कर रही हैं और दूसरे पद में…


प्रस्तुत काव्य पंक्तियाँ (यूपी बोर्ड कक्षा-8) भक्ति के पद से ली गई हैं, जिनकी रचयिता महान कृष्ण भक्त मीराबाई हैं। पहले पद में मीराबाई भगवान से अपने दुख दूर करने की प्रार्थना कर रही हैं और दूसरे पद में कृष्ण प्रेम में मगन होकर संसार की परवाह न करने का भाव प्रकट कर रही हैं।

ईश्वर से कष्ट हरने की प्रार्थना:
हरि तुम हरो जन की भीर
शब्दार्थ
हरि - भगवान श्रीकृष्ण
हरो - दूर करो
जन - भक्त या सेवक
भीर - कष्ट या दुख
व्याख्या:
मीराबाई भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हुए कहती हैं कि हे प्रभु आप अपने भक्तों के सभी दुखों और कष्टों को दूर करें।
द्रोपदी की लाज राखी तुम बढायो चीर
शब्दार्थ
लाज - इज्जत या सम्मान
राखी - बचाई
बढायो - बढ़ाकर
चीर - साड़ी या वस्त्र
व्याख्या:
जिस प्रकार आपने भरी सभा में द्रौपदी की साड़ी को बढ़ाकर उसकी इज्जत बचाई थी उसी प्रकार मेरी भी रक्षा करें।
भक्त कारण रूप नरहरि धर्यो आप सरीर
शब्दार्थ
कारण - के लिए
नरहरि - नरसिंह अवतार
धर्यो - धारण किया
सरीर - शरीर
व्याख्या:
अपने प्यारे भक्त प्रह्लाद की रक्षा करने के लिए आपने नरसिंह भगवान का रूप धारण किया था।
हिरनकश्यप मार लीनो धर्यो नाहिन धीर
शब्दार्थ
हिरनकश्यप - एक दुष्ट राक्षस
नाहिन धीर - धैर्य नहीं रखा या बिल्कुल देरी नहीं की
व्याख्या:
और बिना कोई देरी किए दुष्ट राक्षस हिरण्यकशिपु को मार कर प्रह्लाद के प्राण बचाए थे।
बूडते गज ग्राह मार्यो कियो बाहर नीर
शब्दार्थ
बूडते - डूबते हुए
गज - हाथी
ग्राह - मगरमच्छ
नीर - पानी
व्याख्या:
जब हाथी पानी में डूब रहा था तब आपने मगरमच्छ को मारकर हाथी को पानी से बाहर निकाला और उसकी जान बचाई थी।
दासी मीराँ लाल गिरधर दुख जहाँ तहाँ पीर
शब्दार्थ
दासी - सेविका
लाल गिरधर - गोवर्धन पर्वत को उठाने वाले श्रीकृष्ण
पीर - दर्द या कष्ट
व्याख्या:
उसी प्रकार आपकी यह सेविका मीराबाई भी प्रार्थना करती है कि हे गोवर्धनधारी कृष्ण जहाँ भी मेरे जीवन में दुख और दर्द है आप उसे पूरी तरह दूर कर दें।

कृष्ण प्रेम में दीवानी मीरा:
पग घुँघरू बाँध मीराँ नाची रे
शब्दार्थ
पग - पैर
व्याख्या:
मीराबाई भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम में इतनी डूब गई हैं कि वे अपने पैरों में घुंघरू बांधकर आनंद में नाच रही हैं।
मैं तो अपने नारायण की आपहि हो गई दासी रे
शब्दार्थ
नारायण - भगवान कृष्ण
आपहि - अपने आप ही
व्याख्या:
मीराबाई कहती हैं कि मैं तो बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से ही अपने भगवान की सच्ची सेविका बन गई हूँ।
विष का प्याला राणा जी ने भेज्यो पीवत मीराँ हाँसी रे
शब्दार्थ
विष - जहर
राणा जी - मीरा के देवर जो राजा थे
पीवत - पीते हुए
हाँसी - हँसने लगी
व्याख्या:
मीराबाई को मारने के लिए राणा ने जहर से भरा प्याला भेजा था लेकिन भगवान के भरोसे मीरा ने उसे भी हंसते हंसते पी लिया।
लोग कहे मीराँ भई बावरी बाप कहे कुल नासी रे
शब्दार्थ
बावरी - पागल या दीवानी
कुल नासी - परिवार का नाम खराब करने वाली
व्याख्या:
मीरा का कृष्ण के प्रति ऐसा प्रेम देखकर समाज के लोग उन्हें पागल कहते हैं और उनके पिता कहते हैं कि इसने हमारे परिवार की इज्जत मिट्टी में मिला दी है।
मीराँ के प्रभु गिरधरनागर हरिचरणाँ की दासी रे
शब्दार्थ
प्रभु - भगवान
गिरधरनागर - चतुर श्रीकृष्ण
हरिचरणाँ - भगवान के चरण
व्याख्या:
समाज के तानों की परवाह न करते हुए अंत में मीरा कहती हैं कि मेरे तो केवल भगवान कृष्ण ही सब कुछ हैं और मैं हमेशा उनके चरणों की ही सेविका रहूंगी।
कविता का सारांश:
मीरा बाई के इन पदों में भगवान और भक्त के बीच के अटूट प्रेम को दर्शाया गया है। पहले पद में मीरा भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों और उनके द्वारा भक्तों की रक्षा के प्रसंगों का वर्णन करती हैं। वे याद दिलाती हैं कि कैसे भगवान ने द्रौपदी प्रह्लाद और गजराज की रक्षा की थी। इन्हीं उदाहरणों के माध्यम से वे अपने भी सभी दुख दूर करने की विनती करती हैं। दूसरे पद में मीरा दुनिया की परवाह किए बिना कृष्ण की भक्ति में पूरी तरह डूब चुकी हैं। उन्हें समाज के तानों और जहर के प्याले का भी कोई डर नहीं है। वे खुद को हमेशा के लिए अपने प्रभु के चरणों में सौंप चुकी हैं।
काव्य सौंदर्य:
* रस - इन पदों में शांत और भक्ति रस का बहुत ही सुंदर प्रयोग हुआ है
* छंद - यह गेय पद है जिसे बहुत ही मधुर स्वर में आसानी से गाया जा सकता है
* अलंकार - गिरधरनागर तथा हरिचरणाँ जैसे शब्दों में अनुप्रास अलंकार की अद्भुत छटा देखने को मिलती है।
रसखान:
प्रस्तुत काव्य पंक्तियां रसखान जी के सवैयों से ली गई हैं। इन सवैयों के रचयिता महान कृष्ण भक्त कवि रसखान हैं। इन पंक्तियों में कवि ने भगवान श्रीकृष्ण और ब्रजभूमि के प्रति अपना गहरा प्रेम और पूर्ण समर्पण व्यक्त किया है। रसखान मानते हैं कि मनुष्य का जीवन और उसके सभी अंग तभी सार्थक हैं जब वे भगवान की भक्ति में लगे हों। साथ ही वे कृष्ण की छोटी से छोटी वस्तु के लिए संसार के बड़े से बड़े सुख को त्यागने की इच्छा प्रकट करते हैं।

बैन वही उनको गुन गाई औ कान वही उन बैन सों सानी।
शब्दार्थ-
बैन ~ वचन या वाणी
उनको ~ श्रीकृष्ण के
गुन गाई ~ गुणगान करे
औ ~ और
सों सानी ~ से सनी हुई या प्रेम में डूबी हुई
व्याख्या:
रसखान जी कहते हैं कि हमारी वाणी तभी सार्थक है जब वह हमेशा श्रीकृष्ण के गुणों का गान करे और हमारे कान भी वही सच्चे हैं जो हमेशा उनके प्रेम में डूबी हुई मीठी बातें सुनें।
हाथ वही उन गात सरै अरु पाइ वही जु उही अनुजानी।
शब्दार्थ-
गात ~ शरीर
सरै ~ स्पर्श करे या सेवा करे
अरु ~ और
पाइ ~ पैर
जु ~ जो
उही ~ उन्हीं के
अनुजानी ~ पीछे चले या मार्ग पर चले
व्याख्या:
हमारे हाथ वही सच्चे हैं जो भगवान के शरीर की सेवा करें और पैर वही सार्थक हैं जो हमेशा उनके बताए हुए मार्ग पर चलें।
जान वही उन प्रान के संग औ मान वही जु करै मनमानी।
शब्दार्थ-
जान ~ जीवन या प्राण
संग ~ साथ
मान ~ अभिमान या सम्मान
मनमानी ~ मन की इच्छा
व्याख्या:
सच्चा जीवन वही है जो श्रीकृष्ण के प्राणों के साथ जुड़ा हो और सच्चा सम्मान वही है जो केवल उनके मन की इच्छा के अनुसार हो।
त्यौं रसखानि वही रसखानि जु हैं रसखानि सो है रसखानि।
शब्दार्थ-
त्यौं ~ उसी प्रकार
रसखानि ~ रस की खान या आनंद का भंडार
व्याख्या:
कवि कहते हैं कि उसी प्रकार सच्चा आनंद देने वाला भक्त भी वही है जो उस रस की खान अर्थात् श्रीकृष्ण के प्रेम में पूरी तरह से डूबा हुआ हो।

ब्रजभूमि के लिए सर्वस्व त्यागने की भावना:
या लकुटी अरु कामरिया पर राज तिहूँ पुर को तजि डारों।
शब्दार्थ-
या ~ इस
लकुटी ~ लाठी
कामरिया ~ छोटा कंबल
राज तिहूँ पुर ~ तीनों लोकों का राज्य
तजि डारों ~ त्याग दूँ या छोड़ दूँ
व्याख्या:
रसखान जी कहते हैं कि श्रीकृष्ण की इस छोटी सी लाठी और काले कंबल के बदले मैं तीनों लोकों के राज्य का सुख भी खुशी खुशी छोड़ने को तैयार हूँ।
आठहुँ सिद्धि नवहुँ निधि को सुख नन्द की गाइ चराइ बिसारों।
शब्दार्थ-
आठहुँ सिद्धि ~ आठों सिद्धियां
नवहुँ निधि ~ नौ निधियां या खजाने
सुख ~ आनंद
बिसारों ~ भुला दूँ
व्याख्या:
मैं बाबा नंद की गायों को चराने के सुख के लिए दुनिया की आठों सिद्धियों और नौ निधियों के सबसे बड़े खजाने को भी आसानी से भुला सकता हूँ।
रसखानि कबौं इन आँखिन सो ब्रज के बन बाग तड़ाग निहारों।
शब्दार्थ-
कबौं ~ कब
आँखिन सो ~ आँखों से
तड़ाग ~ तालाब
निहारों ~ देखूंगा
व्याख्या:
कवि रसखान कहते हैं कि पता नहीं वह सौभाग्य का दिन कब आएगा जब मैं अपनी इन आँखों से ब्रजभूमि के सुंदर जंगलों बगीचों और तालाबों को जी भरकर देखूंगा।
कोटिक हौ कलधौत के धाम करील के कुंजन ऊपर वारों।
शब्दार्थ-
कोटिक ~ करोड़ों
कलधौत के धाम ~ सोने चांदी के महल
करील के कुंजन ~ कांटों वाली झाड़ियों के समूह
वारों ~ न्योछावर कर दूँ या कुर्बान कर दूँ
व्याख्या:
मैं ब्रजभूमि की इन कांटेदार झाड़ियों के ऊपर करोड़ों सोने चांदी के महलों का सुख भी न्योछावर करने को तैयार हूँ क्योंकि यहाँ मेरे प्यारे प्रभु ने निवास किया था।
कविता का सारांश:
रसखान जी द्वारा रचित इन सवैयों में भगवान श्रीकृष्ण और उनकी लीला भूमि ब्रज के प्रति अत्यंत गहरा प्रेम दिखाया गया है। पहले सवैये में कवि कहते हैं कि मनुष्य के शरीर के अंग जैसे हाथ पैर कान और वाणी तभी सार्थक हैं जब वे कृष्ण की सेवा और भक्ति में लगे हों। दूसरे सवैये में रसखान ब्रजभूमि से जुड़ी हर छोटी वस्तु जैसे लाठी कंबल और गायों से इतना प्यार करते हैं कि उनके लिए वे संसार के सबसे बड़े सुखों और करोड़ों के महलों को भी खुशी खुशी छोड़ने के लिए तैयार हैं।
काव्य सौंदर्य:
* रस - पूरी कविता में शांत और भक्ति रस की सुंदर धारा बह रही है
* छंद - सवैया छंद का प्रयोग हुआ है जिसे बहुत ही मधुर स्वर में गाया जा सकता है
* अलंकार - अनुप्रास अलंकार यमक अलंकार और पदमैत्री का बहुत ही मनमोहक और सटीक प्रयोग किया गया है।