वाक्यांश के लिए एक शब्द
शब्द समूह के स्थान पर प्रयुक्त किए जाने वाले शब्दों को वाक्यांश के लिए एक शब्द कहते हैं।



शब्द समूह के स्थान पर प्रयुक्त किए जाने वाले शब्दों को वाक्यांश के लिए एक शब्द कहते हैं।
अर्थ और परिभाषा :
वाक्यांश का अर्थ है- वाक्य का एक अंश या हिस्सा। जब हम अपनी बात को बहुत विस्तार से न कहकर कम से कम शब्दों में प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करना चाहते हैं, तो पूरे शब्द-समूह या वाक्य के स्थान पर केवल एक सार्थक शब्द का प्रयोग करते हैं। इसे भाषा में संक्षिप्तता और कसावट लाने की कला माना जाता है।
वे शब्द जिनके प्रयोग से किसी वाक्य के स्थान पर अकेले ही अर्थ स्पष्ट कर देते हैं, उन्हें वाक्यांश के लिए एक शब्द कहते हैं।
भाषा में इसका महत्व:
कम शब्दों में अपनी बात कहना या गागर में सागर भरना एक श्रेष्ठ कला है। इससे भाषा अधिक प्रभावशाली, सजीव, आकर्षक और सटीक बन जाती है। लंबे वाक्यों की जगह एक शब्द का प्रयोग करने से समय की बचत होती है और पाठक या श्रोता पर गहरा प्रभाव पड़ता है, जैसे-
1. जिसका कहीं भी अंत न हो - अनंत
2. जिसकी कल्पना न की जा सके - अकल्पनीय
3. जो खाने योग्य न हो - अखाद्य
4. जिसकी गणना न की जा सके - अगण्य
5. जिसका जन्म न हुआ हो - अजन्मा
6. जो बूढ़ा न हो - अजर
7. शरीर के किसी अंग का टूटना - अंग-भंग
8. सत्य आचरण करने वाला - सदाचारी
9. शिक्षा देने वाला - शिक्षक
10. ईश्वर में विश्वास करने वाला - आस्तिक
11. जो पढ़ना-लिखना जानता हो - साक्षर
12. जानने की इच्छा रखने वाला - जिज्ञासु
13. सौ वर्ष का समय - शताब्दी
14. जिसका कोई रक्षक न हो - अनाथ
15. जो सब कुछ जानता हो - सर्वज्ञ
16. जो कीचड़ से उत्पन्न होता है - पंकज
17. वंदना करने योग्य - वंदनीय
18. जो भूखा हो - बुभुक्षित
19. जिसकी आँखें हिरण की आँखों के समान हो - मृगनयनी
20. किसी बात का गूढ़ रहस्य जानने वाला - मर्मज्ञ
21. वन में रहने वाला - वनवासी
22. अधिक बोलने वाला - वाचाल
23. बीता हुआ - विगत
24. जो नष्ट होने वाला हो - नश्वर
25. जिसके पास कुछ न हो - अकिंचन
26. जिसको क्षमा न किया जा सके - अक्षम्य
27. अनुकरण करने योग्य - अनुकरणीय
28. जिसके समान कोई दूसरा न हो - अद्वितीय
29. सदा सत्य बोलने वाला - सत्यवादी
30. मोक्ष की इच्छा रखने वाला - मुमुक्षु
31. कम बोलने वाला - मितभाषी